उत्तर प्रदेश देश राज्य

राममय हुई नगरी अयोध्या, गौरी गणेश पूजन के साथ शुरू हुआ भूमि पूजन का अनुष्ठान

अयोध्या।

राममय हुई राम की नगरी अयोध्या मंदिर निर्माण के लिए पूजन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। गौरी गणेश के पूजन के साथ ही अनुष्ठान की शुरुआत भी हो चुकी है। अयोध्या में दीपावली जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। रंग-बिरंगी रोशनी से नहाई अयोध्या में लोग दीप उत्सव मना रहे हैं। राम नगरी अयोध्या राम मंदिर के भूमि पूजन के लिए तैयार है। अयोध्या में जहां रामलला के भव्य मंदिर की आधारशिला रखने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं।

गौरी गणेश के पूजन के साथ अनुष्ठान की शुरुआत भी हो चुकी है। मंदिर की तैयारियों के संबंध में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के चंपत राय ने बताया कि देश भर से 135 संतो को आमंत्रित किया गया है। इसमें देशभर के हर कोने से लोगों की भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल के भतीजे सलील सिंघल राम जन्मभूमि के अनुष्ठान में मुख्य यजमान होंगे।

चंपत राय के मुताबिक राम मंदिर भूमि के कार्यक्रम में मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत, ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के साथ राज्यपाल आनंदीबेन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे।